Friday, 13 September 2013

हिन्दी दिवस-

हिन्दी दिवस-
सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हिन्दी के शव दफ़न की तैयारी शुरू हो चुकी है।  उच्च नौकरशाही पर काबिज इंडियन हिन्दी से मीलों दूर होते जा रहे हैं। हिन्दी वाले हिन्दी हिन्दी चिल्लाकर मलाई काट रहे हैं। धीरे धीरे हिन्दी के शब्दों को अंग्रेजी के शब्दों द्वारा विस्थापित किया जा रहा है। सवाल सिर्फ हिन्दी को बचाने का ही नहीं है सवाल हिन्दी के साथ प्रत्येक भारतीय भाषाओं की अस्मिता को संरक्षित रखने का है।  जाहिर है यह काम सरकार का नहीं वरन एक अरब से अधिक भारतीय जन सैलाब का है।  

Tuesday, 10 September 2013

मनुष्य की सुन्दरतम कृति का नाम ईश्वर है। उसका विभत्सतम प्रदर्शन खून खराबा है।  असल में आगामी लोकसभा चुनाव को एक बार फिर सांप्रदायिक बनाने का रंग चढ़ने लगा है।  

Monday, 9 September 2013

मर रही है जनता-
रूपया जब टूट रहा था तब मुज्जफर नगर में दंगे की रूप रेखा तय हो रही थी।  जब देश की जनता महंगाई के कारण बिलख रही थी तब भावनाओं को भड़काया जा रहा था। अब भयावह परिणाम सबके सामने है।  जब सांसदों के हित का मसला होता है तब संसद में ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित होते हैं जब मुल्क की अवाम का मसला होता है तब संसद नहीं चलेगी।  समस्या यह है कि जनता चुने किसे।  बेवफाई कई जनप्रतिनिधियों की फितरत बन चुकी है चालबाज़ आशिक की तरह।    

Sunday, 8 September 2013

ऐसे हो उच्च शिक्षा में शिक्षक चयन- 
आचार्यों की प्रतिभा पर तनिक भी संदेह नहीं है। मसला विभाग में अयोग्य उत्तराधिकारियों के चयन का है। केन्द्रीय  विश्वविद्यालयों के लिए यूनियन पब्लिक एजुकेशन सर्विस का प्रावधान किया जाना चाहिए।  इसमें प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभागों का गठन कर विश्वविद्यालय के लिए क्रमशः प्रशासनिक अधिकारी मसलन रजिस्ट्रार इत्यादि और असिस्टैंट प्रोफ़ेसर इत्यादि को चयनित किया जाना चाहिए, ताकि आचार्यों  की मठाधीशी टूटे।     

Friday, 6 September 2013

साथियों! एक पोस्ट पर दुबारा-  मैंने सभी प्रोफेसरों की बात न कहकर कुछ की बात की है।  आप जे एन यू मत जाएँ।  अपने विभाग में देखिये और खोजिये। सच बतलाइयेगा। यू पी एस सी को छोड़ कहीं भी चयन ज्ञान और तर्क आधारित नहीं होता है।  ढूंढिए आप! ढूँढते रह जायेंगे। विश्वविद्यालयों में तो चयन का तरीका ही गलत है।  जिस उच्चतर सेवा की बात आप कर रहे हैं वह महाविद्यालयों में शिक्षकों का चयन करता है न कि विश्वविद्यालयों में। सूत्र बतलाते हैं कि वहां भी प्रवक्ता के पद बिकते हैं और कुछ  प्रोफ़ेसर साब लोग महज टी ए-डी ए और सम्बन्ध बनाकर एक दो चेलों को फिट करने जाते हैं। दूसरे विश्वविद्यालय में चयन का तरीका क्या है? आप मुझसे बेहतर जानते हैं। बतलाइये। कागजी नहीं प्रैक्टिकल वाला। उत्तर प्रदेश के विश्विद्यालयों के कई शिक्षक शोध छात्रों से घर की सब्जी तक ढुलवाते हैं। उत्तर प्रदेश में कई शिक्षक अधिकाँश शोध छात्रों को खूनी आसूं तक गिरवा लेते हैं।  संयोग से दिल्ली में ऐसा नहीं है। लेकिन दिल्ली में जो है वह यहाँ नहीं हैं।  सवाल यह है कि क्यों नहीं यू जी सी एक अध्यापक परीक्षा ले कर साक्षात्कार द्वारा शिक्षक चयन करता। नेट के बाद भी।  गुरुवर बातें बहुत हैं।  बातों का क्या? क्यों असिस्टैंट प्रोफ़ेसर से एसोसिएट प्रोफ़ेसर और प्रोफ़ेसर पद पर पदोन्नति के लिए लिखित परीक्षाएं आयोजित नहीं की जातीं! 
सर! नाम न गिनवाइये। लेकिन इतना जरुर कहना चाहूँगा कि काश नामवर जी जैसा चयन अब के चयन समिति में शामिल प्रोफ़ेसर कर पाते! हिंदी का कोई प्रोफ़ेसर किसी प्रोफ़ेसर का दामाद है तो कोई किसी का बेटा। कोई किसी की बेटी तो कोई किसी की बीबी। मामला आपसी अनैतिक खरीद फ़रोख्त का है। सब लगे बझे हैं। किसने अधिकार दिया आप को कि आप आने वाली नस्लों को रीढ़ विहीन बना डालें। दुर्भाग्य से देश के अधिकाँश विश्वविद्यालय उपाधियाँ वितरित करने वाली फैक्ट्री के रूप में तब्दील हो चुके हैं।  यह भी हकीकत है कि दुनिया के २०० विश्वविद्यालयों में आप और हम कहीं भी नहीं हैं।