Saturday, 31 August 2013

धर्म के मर्म को समझिए

धर्म के मर्म को समझिए-
मेरे ख़याल से देश का एक नागरिक पहले धार्मिक होता है  और तब देशभक्त। यदि देश की 95 प्रतिशत हिन्दू धर्म के अनुयायी पहले हिन्दू रहें और 95 प्रतिशत मुस्लिम अनिवार्य ढंग से मुस्लिम रहें तब कहीं विवाद है ही नहीं। दिक्कत यह है कि देश की 95 प्रतिशत आबादी न हिन्दू है और न मुसलमान। वह परिधानों में लिपटा हुआ चलता हुआ शव है। काश शिव बन पाते।  विवाद और उन्माद तब है जब धर्म का इस्तेमाल व्यक्ति,समूह और दल राजनीति के लिए करते हैं।  जब अनुयायियों का उद्देश्य सियासी दूकान चमकाकर सत्ता सुख हासिल करना हो जाए तब बेड़ा गर्क समझिये। धर्म कहीं भी तोड़ फोड़ की बात नहीं करता बल्कि भारत में सदियों से इंसानियत को बचाए रखने में वेद, पुराण, रामायण, गीता और कुरआन  ने महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।  
सफलता बनाम असफलता-
 जिसके पास कोई सिद्धांत नहीं है उसकी सफलता सुनिश्चित है क्योंकि उसका साध्य सफलता है न कि कोई सिद्धांत। वह प्रत्येक उस बात से समझौता कर लेगा जिससे सफलता मिल सकती हो।  इसके विपरीत सिद्धांतवादी का साध्य उसके सिद्धांत  अनुरक्षण है सफलता नहीं। अतः सिद्धांतवादी व्यक्ति के सफल होने का प्रश्न ही नहीं उठता।  

Thursday, 29 August 2013

ऐसे बच सकता है देश का सोना-
भारतीय लोकतंत्र में  सर्वाधिक पवित्र स्थल है-"संसद"। इसलिए इस स्थल में बैठने वाले सभी मंत्री और  सांसद देश हित में अपने अपने घरों में रखे हुए सोने को राष्ट्र-कोष में दान कर सकते हैं।  इसके बाद भारतीय लोकतंत्र की मजबूत रीढ़ उच्च नौकरशाह हैं।  राष्ट्र हित के लिए अपने अपने घरों में रखे हुए आधे सोने को वे भी राष्ट्र-कोष में अर्पित कर सकते हैं। इसके अलावा भारत के सभी 28 राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी प्रदेशों के मंत्री भी मुहिम में आगे आ सकते हैं।  वे भी कंगाल हो चले मुद्रा कोष को भरने का प्रयास कर सकते हैं। भारतीय लोकतंत्र के दो संस्करणों-व्यवस्थापिका और कार्यपालिका के लोग प्रथम पंक्ति में शामिल होकर देश के संकट को टाल सकते है।      

Wednesday, 28 August 2013

तड़प रही है सोने की चिड़िया!
सोने की चिड़िया तड़प रही है। आज़ादी के बाद देश को अपनों ने ही लूटा है। ज़रा तलाश कीजिए अपने मुल्क को। दिखा कहीं देश।  नहीं न। इस समय देश  चीन, पाकिस्तान के साथ म्यांमार भी अपने देश में घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। लाचारगी की हालत में हैं हम।  देश विकल्पहीनता की स्थिति में है।  इस देश की सेना और जनता किंकर्तव्यविमूढ़ है।  दोनों देश के रहनुमाओं अर्थात नेताओं के भरोसे हैं।  हमारे देश के सोने को गिरवी रखने की तैयारी चल रही है।  सोने की कीमत पर खाद्य सुरक्षा की तैयारी  है। देश के भविष्य अर्थात बच्चे दिमागी बुखार से मर रहे हैं।  पूरी भारत सरकार चार्वाक दर्शन की अनुगामी बन चुकी है- यावत् जीवेत सुखं जीवेत, ऋणं कृत्वा घृतं पीवेत।  सौ में निन्यानबे बेईमान फिर भी भारत देश महान बना हुआ है । एक बात कहूं- "जब भारत गुलाम था तब अंग्रेज राष्ट्र भावना के तहत अपने देश को लूट रहे थे, उनकी लूट एक देश इंग्लैण्ड के हित के लिए थी लेकिन आज अपने ही बेटे भारत माता का चीर हरण कर रहे हैं। भारत के जय चंदों की लूट व्यक्तिगत भण्डार के लिए है।  सोना विदेश जाने की सुगबुगाहट से एक बार फिर सोने की चिड़िया तड़प रही है। चलिए हम सब मर्सिया गाने की तैयारी करते हैं!  

Tuesday, 20 August 2013

रक्षा बंधन की सभी भाई एवं बहनों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। आइए हम सब मिलकर  इस बार बहनों से यही निवेदन करें कि वे देश के लिए एक प्रतिबद्ध देशभक्त भाई की दुआ करें। आमीन। 

Monday, 19 August 2013

शासक के साथ यदि प्रजा भी भ्रष्ट  हो जाए तो सम्बंधित देश और समाज से भ्रष्टाचार का अंत असंभव है। 

Friday, 16 August 2013

अभिव्यक्ति की आज़ादी पर पहरा-
उत्तर प्रदेश के एक जिम्मेदार आला अफसर के एक फरमान के मुताबिक़ अब लोग अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर किसी पर व्यक्तिगत प्रहार नहीं कर पाएंगे। इस तरह अब व्यक्तिगत बनाम सामूहिक का द्वन्द देखने को मिलेगा। प्राथमिक स्तर पर प्रत्येक चीजें व्यक्तिगत ही  होती हैं।  राजनीति के अखाड़े के निर्वाचित विधायक अथवा सांसद सभी व्यक्ति हैं। साथियों! जब  मुल्क की सरकारें सोशल नेटवर्किंग साइटों से दहशतज़दा हो जाएँ तब आप समझ लीजिए कि मुल्क की तकदीर बदलने वाली है! सवाल उठता है कि जिस पुलिस का गठन आम जनता के हित के लिए किया गया है उस पुलिस को सरकारें  अपने हित के लिए ही हमेशा क्यों प्रयुक्त करती रही हैं ? क्यों लोकतंत्र में एक एक वोट पर भीड़ में पुलिसिया डंडे बरसाये जाते हैं ? और भी बहुत से सवाल। 
सच बताऊँ-
लोकतांत्रिक पर्वों का मतलब 
देश की आम जनता के एक हाथ में लड्डू है!
सिर पर दाल रोटी का बोझ
पैर- पीठ  पर डंडा! 
और गले में फांसी का फंदा! 
एक भारतीय होने के नाते 
प्रेम से बोलो 
जय हिन्द
जय भारत 
भारत माता की जय।
बापू अमर रहें!